आधुनिक काल

आधुनिक हिन्दी साहित्य का इतिहास 

हिन्दी साहित्य का आधुनिक काल भारतीय इतिहास  के बदलते हुए स्वरूप से काफ़ी प्रभावित था। हिन्दुस्थान के  स्वाधीनता संग्राम की राष्ट्रीयता की भावना का प्रभाव भी हिन्दी साहित्य में आ गया था। भारत में औद्योगीकरण प्रारंभ होने लगा था। आवागमन के साधनों का भी तेज़ी से विकास हुआ। अंग्रेजी और पाश्चात्य शिक्षा का प्रभाव बढ़ा और भारतीय जनमानस के जीवन में बदलाव आने लगा। ईश्वर के साथ-साथ मानव को महत्त्व दिया जाने लगा था। भावना के साथ-साथ विचारों को पर्याप्त प्रधानता मिली। पद्य के साथ ही गद्य का भी पर्याप्त विकास हुआ और छापेखाने के आते ही साहित्य के संसार में एक नयी क्रांति का बीजारोपण हुआ।

गद्य का विकास

आधुनिक हिन्दी गद्य का विकास केवल हिन्दी भाषी क्षेत्रों तक ही सीमित नहीं रह गया था। पूरे देश में और हर प्रदेश में हिन्दी की लोकप्रियता व्याप्त होने लगी थी और अनेक अन्य भाषी लेखकों ने भी हिन्दी में साहित्य की रचना करके इसके विकास में महत्त्वपूर्ण योगदान किया। हिन्दी गद्य के विकास को निम्नलिखित पाँच चरणों में विभाजित किया जा सकता है-
भारतेन्दु पूर्व युग - (1800 ई. से 1850 ई. तक)
भारतेन्दु युग -       (1850 ई. से 1900 ई. तक)
द्विवेदी युग -          (1900 ई. से 1920 ई. तक)
रामचन्द्र शुक्ल तथा प्रेमचन्द युग - (1920 ई. से 1936 ई. तक)
अद्यतन युग -        (1936 ई. से आज तक)

भारतेन्दु पूर्व युग

हिन्दी में गद्य का विकास 19वीं शताब्दी के आसपास हुआ। इस विकास में कलकत्ता के 'फ़ोर्ट विलियम कॉलेज' की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही थी। इस कॉलेज के दो विद्वानों लल्लूलाल तथा सदल मिश्र ने गिल क्राइस्ट के निर्देशन में क्रमश:प्रेमसागर तथा नासिकेतोपाख्यान लिखी ।
इसी समय सदासुखलाल ने 'सुखसागर' तथा मुन्सी इंसा अल्ला खां ने 'रानी केतकी की कहानी' की रचना की। इन सभी ग्रंथों की भाषा में उस समय प्रयोग में आने वाली खडी बोली को स्थान मिला। आधुनिक खड़ी बोली के गद्य के विकास में विभिन्न धर्मों की परिचयात्मक पुस्तकों का खूब सहयोग रहा, जिसमें ईसाई धर्म का भी महत्त्वपूर्ण योगदान रहा था।
बंगाल के राजा राम मोहन राय  ने 1815 ई. में 'वेदांतसूत्र' का हिन्दी अनुवाद प्रकाशित करवाया। इसके बाद उन्होंने 1829 में 'बंगदूत' नामक पत्र हिन्दी में निकाला। इसके पहले ही 1826 में कानपुर के पं. जुगल किशोर ने हिन्दी का पहला समाचार पत्र उदन्त मार्तंड कलकत्ता से निकाला था। इसी समय गुजराती भाषी आर्य समाज के संस्थापक स्वामी दयानंद सरस्वती ने अपना प्रसिद्ध ग्रंथ 'सत्यार्थ प्रकाश'  हिन्दी भाषा में लिखा।

भारतेन्दु युग

भारतेन्दु हरिशचंद्र को हिन्दी साहित्य के आधुनिक युग का प्रतिनिधि माना जाता है। उन्होंने 'कविवचन सुधा', 'हरिश्चन्द्र मैगज़ीन' और 'हरिश्चंद्र पत्रिका' भी निकाली थीं। इसके साथ ही अनेक नाटकों  की रचना भी की। भारतेन्दु हरिश्चन्द्र के प्रसिद्ध नाटक हैं- 'चंद्रावली', 'भारत दुर्दशा' और 'अंधेर नगरी' आदि। ये नाटक रंगमंच पर भी बहुत लोकप्रिय हुए। इस काल में निबंध उपन्यास तथा कहानियों की रचना हुई।
इस काल के लेखकों में बालकृष्ण भट्ट, राधा चरण गोस्वामी, उपाध्याय बदरीनाथ चौधरी 'प्रेमघन', लाला श्रीनिवास दास, देवकीनारायण खत्री और किशोरी लाल गोस्वामी आदि उल्लेखनीय हैं। इनमें से अधिकांश लेखक होने के साथ-साथ पत्रकार भी थे। श्रीनिवासदास के उपन्यास 'परीक्षागुरू' को हिन्दी का पहला उपन्यास कहा जाता है। कुछ विद्वान् श्रद्धाराम फुल्लौरी के उपन्यास 'भाग्यवती' को भी हिन्दी का पहला उपन्यास स्वीकार करते हैं। देवकीनंदन खत्री का 'चन्द्रकांता' और 'चंद्रकांता सन्तति' आदि इस युग के प्रमुख उपन्यास हैं। ये उपन्यास इतने अधिक लोकप्रिय हुए थे कि इनको पढ़ने के लिये ऐसे अहिन्दी लोग, जो हिन्दी पढ़ना-लिखना आदि नहीं जानते थे, उन्होंने हिन्दी भाषा सीखनी शुरू कर दी थी। इस युग की कहानियों में शिवप्रसाद सितारे हिन्द की 'राजा भोज का सपना' महत्त्वपूर्ण है।

द्विवेदी युग

आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी के नाम पर ही इस युग का नाम 'द्विवेदी युग' रखा गया था। सन 1903 में द्विवेदी जी ने सरस्वती नामक पत्रिका के संपादन का भार संभाला। उन्होंने खड़ी बोली गद्य के स्वरूप को स्थिर किया और पत्रिका के माध्यम से रचनाकारों के एक बड़े समुदाय को खड़ी बोली में लिखने को प्रेरित किया। इस काल में गद्य की सभी विद्याओं का अच्छा विकास हुआ।
 द्विवेदी युग के निबंधकारों में महावीर प्रसाद द्विवेदी, माधव प्रसाद मिश्र, श्याम सुन्दर दास , चन्द्रधर शर्मा गुलेरी, बाल मुकंद गुप्त और पूर्ण सिंह आदि उल्लेखनीय हैं। इनके निबंध गंभीर, ललित एवं विचारात्मक हैं, किशोरीलाल गोस्वामी और बाबू गोपाल राम गहमरी के उपन्यासों में मनोरंजन और घटनाओं की रोचकता है। हिन्दी कहानी का वास्तविक विकास 'द्विवेदी युग' से ही शुरू हुआ।
किशोरी लाल गोस्वामी की 'इंदुमती कहानी' को कुछ विद्वान् हिन्दी की पहली कहानी मानते हैं। वैसे अधिकतर लोग चंद्रधर शर्मा गुलेरी की 'उसने कहा था' को हिंदी की पहली कहानी मानते हैं। समालोचना के क्षेत्र में पद्मसिंह शर्मा का नाम उल्लेखनीय हैं। 

रामचन्द्र शुक्ल एवं प्रेमचंद युग


गद्य के विकास में इस युग का विशेष महत्त्व है। रामचंद्र शुक्ल ने निबन्ध , हिन्दी साहित्य के इतिहास और समालोचना के क्षेत्र में गंभीर लेखन किया। उन्होंने मनोविकारों पर हिन्दी में पहली बार निबंध लेखन किया। साहित्य समीक्षा से संबंधित निबंधों की भी रचना की। उनके निबंधों में भाव और विचार अर्थात् बुद्धि और हृदय दोनों का समन्वय है। हिन्दी शब्दसागर की भूमिका के रूप में लिखा गया उनका इतिहास आज भी अपनी सार्थकता बनाए हुए है।  इस काल के अन्य निबंधकारों में जैनेन्द्र कुमार जैन, सियारामशरण गुप्त, पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी और जयशंकर प्रसाद आदि उल्लेखनीय हैं।
कथा साहित्य के क्षेत्र में ख्याति प्राप्त प्रेमचंद ने क्रांति ही कर डाली। उनके गोदान,गबन, निर्मला, रंगभूमि, कर्मभूमि, सेवासदन आदि उपन्यास हिन्दी साहित्य की धरोहर हैं |

अद्यतन काल

इस काल में गद्य का चहुँमुखी विकास हुआ। हजारी प्रसाद द्विवेदी, जैनेन्द्र, अज्ञेय, यशपाल, नंददुलारे वाजपेयी, नगेंद्र, रामवृक्ष बेनीपुरी तथा रामविलास शर्मा आदि ने विचारात्मक निबंधों की रचना की है। हजारी प्रसाद द्विवेदी, विद्यानिवास मिश्र, कन्हैयालाल मिश्र प्रभाकर, विवेकी राय और कुबेरनाथ राय ने ललित निबंधों की रचना की है। हरिशंकर परसाई, शरद जोशी, श्रीलाल शुक्ल, रवींन्द्रनाथ त्यागी तथा के. पी. सक्सेना, के व्यंग्य आज के जीवन की विद्रूपताओं के उद्घाटन में सफल हुए हैं। जैनेन्द्र, अज्ञेय, यशपाल, इलाचंद्र जोशी, अमृतलाल नागर, रांगेय राघव और भगवती चरण वर्मा ने उल्लेखनीय उपन्यासों की रचना की। नागार्जुन, फणीश्वरनाथ रेणु, अमृतराय तथा राही मासूम रज़ा ने लोकप्रिय आंचलिक उपन्यास लिखे हैं। मोहन राकेश, राजेन्द्र यादव, मन्नू भंडारी, कमलेश्वर, भीष्म साहनी, भैरव प्रसाद गुप्त आदि ने आधुनिक भाव बोध वाले अनेक उपन्यासों और कहानियों की रचना की है। अमरकांत, निर्मल वर्मा तथा ज्ञानरंजन आदि भी नए कथा साहित्य के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।

हिन्दी भाषा व्याकरण, काव्य-शास्त्र, हिन्दी साहित्य का इतिहास एवं हिन्दी व्याकरण ऑनलाइन टेस्ट देने उनकी उत्तर व्याख्या वीडियो देखने के लिए log in करें hindikojano.com और हिन्दी भाषा से सम्बंधित समस्त विषय-वस्तु प्राप्त करें |

No comments:

काव्य-गुण